Meta में बड़ा बदलाव: WhatsApp के नए ग्लोबल हेड बने कुणाल शाह, AI डिविजन संभालेंगे विल कैथकार्ट

मेटा ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए CRED के संस्थापक कुणाल शाह को वॉट्सएप का नया ग्लोबल हेड नियुक्त किया है। वह विल कैथकार्ट की जगह लेंगे, जिन्होंने पिछले सात वर्षों तक वॉट्सएप की कमान संभाली। कैथकार्ट अब मेटा के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रोजेक्ट्स पर फोकस करेंगे।
मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने इस फैसले की घोषणा करते हुए बताया कि कंपनी CRED में करीब 8,550 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इस निवेश के बदले मेटा को CRED में 20% हिस्सेदारी मिलेगी। डील के बाद CRED की वैल्यूएशन बढ़कर करीब 43,239 करोड़ रुपए हो जाएगी।
मेटा के अनुसार, कुणाल शाह के नेतृत्व में वॉट्सएप का फोकस AI इंटीग्रेशन और नए रेवेन्यू मॉडल पर रहेगा। कंपनी वॉट्सएप में AI आधारित फीचर्स और चैटबॉट्स को बढ़ावा देने के साथ-साथ विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन आधारित सेवाओं के विकल्पों पर भी काम करेगी।
वॉट्सएप की नई जिम्मेदारी संभालने के लिए कुणाल शाह CRED में अपने परिचालन पद से हटेंगे। कंपनी ने मितेन संपत को अंतरिम CEO नियुक्त किया है। मितेन पिछले कई वर्षों से CRED में स्ट्रेटजी और फाइनेंस विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं।
कंपनी का कहना है कि नई फंडिंग का उपयोग बिजनेस विस्तार, नेतृत्व को मजबूत करने और भविष्य में प्रस्तावित IPO की तैयारियों के लिए किया जाएगा। वहीं, मेटा ने स्पष्ट किया है कि निवेश के बावजूद उसे CRED के ग्राहकों के निजी या वित्तीय डेटा तक कोई पहुंच नहीं मिलेगी और यूजर्स की जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।





