विवादित शो में पहुंचीं आलिया भट्ट, समय रैना ने किया रोस्ट; दर्शकों ने खूब लगाए ठहाके

कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के पहले एपिसोड में बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शरवरी वाघ बतौर गेस्ट शामिल हुईं। एपिसोड के दौरान समय रैना और आलिया भट्ट के बीच मजाकिया अंदाज में रोस्टिंग और हल्की-फुल्की नोकझोंक देखने को मिली।
शो में समय रैना ने आलिया भट्ट का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि वह शो के पहले एपिसोड में गेस्ट बनकर आई हैं। इस पर आलिया ने हंसते हुए कहा, “मुझे अब थोड़ा पछतावा हो रहा है।”
आलिया की इस बात पर समय रैना ने फिल्म ‘जिगरा’ का जिक्र करते हुए मजाक में कहा, “मुझे भी ‘जिगरा’ देखकर पछतावा हुआ था।” समय की यह टिप्पणी सुनकर आलिया और शरवरी दोनों हंस पड़ीं। जवाब में आलिया ने कहा, “कम से कम आपने फिल्म तो देखी।”
इसके बाद समय ने कहा कि वह आलिया के पास बैठकर थोड़ा नर्वस महसूस कर रहे हैं, क्योंकि वह उनके पति रणबीर कपूर के बड़े फैन हैं। बातचीत के दौरान समय ने कांस फिल्म फेस्टिवल और ‘लेटेंट’ की तुलना करते हुए भी मजाक किया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी स्टार और कई अवॉर्ड जीत चुकी आलिया को आखिर ‘लेटेंट’ में आने की क्या जरूरत थी।
इस पर आलिया ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि लोगों को हंसाने के लिए सभी को कपिल शर्मा का आभारी होना चाहिए। आलिया के इस जवाब पर सेट पर मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
एपिसोड में शरवरी वाघ भी गेस्ट के तौर पर नजर आईं। समय रैना ने मजाक में उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया। वहीं, जब शरवरी से पूछा गया कि क्या उन्होंने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एपिसोड देखे हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने शो के वीडियो न्यूज चैनलों पर देखे हैं।
शो में आलिया भट्ट के सहज और बेबाक अंदाज की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है। कई यूजर्स ने उनकी सादगी और ह्यूमर की सराहना की है।
गौरतलब है कि पिछले साल ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवादों में रहा था। शो को लेकर समय रैना के खिलाफ केस दर्ज हुआ था और मामला कोर्ट तक पहुंच गया था।





