NEET आत्महत्या मामलों पर फिर गरमाई राजनीति, कल दिल्ली में प्रदर्शन; PM को भेजा गया पत्र

NEET छात्रों की आत्महत्या पर CJP की PM से अपील, पीड़ित परिवारों को ₹1-1 करोड़ मुआवजा देने की मांग
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर NEET परीक्षा से जुड़े आत्महत्या मामलों में मृत छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई है।
दीपके ने अपने पत्र में कहा कि देश का मौजूदा शैक्षणिक माहौल युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर असर डाल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो छात्रों और अभिभावकों में निराशा और बढ़ सकती है।
इस बीच CJP ने 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इससे पहले संगठन नागपुर, जयपुर, पुणे, हैदराबाद, बेंगलुरु और अमृतसर समेत कई शहरों में विरोध प्रदर्शन कर चुका है।
36 दिनों में 12 छात्रों ने की आत्महत्या
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 36 दिनों में NEET परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव से जुड़े 12 छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है। ताजा मामला इंदौर का है, जहां NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
CJP की शुरुआत कैसे हुई
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत मई 2026 में हुई थी। संगठन का दावा है कि वह छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए बनाया गया है। सोशल मीडिया पर CJP को बड़ी संख्या में समर्थन मिला है और यह शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा जवाबदेही की मांग कर रही है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।





