भारत-स्लोवाकिया रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती, मोदी ने दिया भारत आने का निमंत्रण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस दौरे के बाद स्लोवाकिया पहुंचे, जहां राजधानी ब्रातिस्लावा में उनका पारंपरिक ब्रेड और नमक से स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से मुलाकात कर उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया।
दोनों नेताओं ने भारत-स्लोवाकिया संबंधों को व्यापक साझेदारी का दर्जा देने पर सहमति जताई। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने रक्षा, व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सांस्कृतिक सहयोग को दोनों देशों के रिश्तों का अहम आधार बताया। इस दौरान रक्षा सहयोग को लेकर लेटर ऑफ इंटेंट पर भी हस्ताक्षर किए गए।
स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री फिको ने नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देते हुए इसे राजनीतिक चमत्कार बताया। वहीं, स्लोवाकिया में मौजूद भारतीय समुदाय ने भी पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इससे पहले फ्रांस के नीस में मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें रक्षा, व्यापार, स्पेस, शिक्षा और तकनीक समेत 13 महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति बनी। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में आपसी व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य भी तय किया।
पीएम मोदी अब 17 जून को फ्रांस के एवियान में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जहां उनकी कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें होने की संभावना है।





