काकोली का बड़ा दावा- TMC के 22 लोकसभा सांसद हमारे साथ, बैठक में सायोनी भी शामिल

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अंदरूनी कलह और गहरा गई है। पार्टी के बागी सांसद रविवार को केंद्रीय मंत्री और बंगाल भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव के दिल्ली स्थित आवास पर बैठक के लिए पहुंचे। बैठक में TMC सांसद सायोनी घोष, प्रसून बनर्जी समेत कई नेता शामिल हुए। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे भी मौजूद रहे।

दिल्ली पहुंचने के बाद सायोनी घोष ने कहा कि वह फिलहाल कुछ नहीं कहेंगी और उचित समय आने पर अपनी बात रखेंगी। हाल ही में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सायोनी घोष और माला रॉय को पार्टी पदों से हटा दिया था।

बागी गुट की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया है कि उनके साथ अब 22 लोकसभा सांसदों का समर्थन है। उन्होंने बताया कि बागी सांसदों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात करेगा। इससे पहले 19 सांसदों के हस्ताक्षर वाला पत्र सामने आया था, जिसमें अलग संसदीय समूह बनाने की मांग की गई थी।

TMC के पास लोकसभा में कुल 28 सांसद हैं। बागी गुट का दावा है कि उसके पास दो-तिहाई से अधिक सांसदों का समर्थन है, जिससे दल-बदल कानून के तहत अलग गुट की मान्यता का रास्ता खुल सकता है।

बंगाल की राजनीति में यह घटनाक्रम महाराष्ट्र में 2022 में हुई शिवसेना की बगावत जैसा माना जा रहा है। यदि बागी गुट अपने दावे के मुताबिक पर्याप्त समर्थन जुटा लेता है, तो TMC को बड़ा राजनीतिक झटका लग सकता है।

राज्यसभा में भी पार्टी को नुकसान हुआ है। पिछले चार दिनों में चार राज्यसभा सांसद इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं विधानसभा में भी बड़ी संख्या में विधायक बागी गुट के साथ होने का दावा किया जा रहा है।

अब सबकी नजर लोकसभा स्पीकर से होने वाली बैठक और बागी गुट की अगली रणनीति पर टिकी है।

Related Articles

Back to top button