बादशाह-ईशा रिखी की शादी की अटकलें तेज, एक्ट्रेस के पोस्ट ने किया कन्फ्यूज

पंजाबी अभिनेत्री ईशा रिखी ने सोशल मीडिया पर रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर बादशाह को ‘पति देव’ कहकर संबोधित किया है। इसके बाद दोनों की शादी को लेकर चल रही अटकलों ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। ईशा की पोस्ट को कई लोग उनके रिश्ते की सार्वजनिक पुष्टि के तौर पर देख रहे हैं।
दरअसल, इंस्टाग्राम पर आयोजित एक ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान एक यूजर ने ईशा से पूछा कि अगर उनकी शादी बादशाह से हो चुकी है, तो दोनों एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर फॉलो क्यों नहीं करते। इस पर ईशा ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि उन्हें इस तरह के सवाल लगातार मिल रहे हैं।
ईशा ने आगे लिखा, “हां, मेरी शादी हो चुकी है। अब सबसे ज्यादा पूछे जाने वाले सवाल का जवाब मेरे पति देव यानी बादशाह को देना चाहिए।” इसके साथ उन्होंने हंसने वाली इमोजी भी शेयर की।
एक अन्य सवाल के जवाब में ईशा ने बादशाह के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें दोनों साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों की शादी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
इससे पहले मार्च में भी दोनों की कथित शादी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए थे। हालांकि, उस समय बादशाह और ईशा रिखी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी।
बादशाह की पहली शादी जैस्मिन मसीह से हुई थी और दोनों की एक बेटी भी है। साल 2020 में दोनों अलग हो गए थे। वहीं, ईशा रिखी पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री हैं और कई सफल फिल्मों में काम कर चुकी हैं।





