राममंदिर ट्रस्ट पर गंभीर आरोप: 7 करोड़ के चढ़ावे में गड़बड़ी की शिकायत, CCTV फुटेज डिलीट कराने का दावा

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित 7 करोड़ रुपये की चोरी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। खुद को मंदिर का पूर्व लेखा प्रभारी बताने वाले महिपाल सिंह ने दावा किया है कि उन्होंने चढ़ावे में गड़बड़ी पकड़ी थी और इसकी शिकायत राम मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय से की थी। महिपाल का आरोप है कि शिकायत के अगले ही दिन उन्हें पद से हटा दिया गया और मंदिर परिसर के CCTV कैमरों की पुरानी फुटेज भी डिलीट करवा दी गई।
मामले को लेकर राजनीतिक और धार्मिक हलकों में भी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता विनय कटियार ने आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने भी मामले में गंभीर सवाल उठाए हैं। दूसरी ओर, राम मंदिर ट्रस्ट पहले ही आरोपों को खारिज कर चुका है।
विवाद बढ़ने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने ट्रस्ट से रिपोर्ट तलब की है, जबकि कुछ नेताओं ने CBI और ED से जांच कराने की मांग उठाई है।





