गोदाम में खून से लथपथ मिले भाजपा नेता, हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीण

भाजपा नेता की गला रेतकर हत्या, कबाड़ गोदाम में खून से लथपथ मिले

जयपुर के मनोहरपुर कस्बे में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामावतार असवाल उर्फ पप्पू (55) की हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव सोमवार रात बस स्टैंड के पास स्थित उनके कबाड़ गोदाम में मिला। परिजनों ने गला रेतकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

मनोहरपुर थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार शाम करीब 7:30 बजे एक व्यक्ति गोदाम पर आया था। आशंका है कि उसने धारदार हथियार से रामावतार असवाल पर हमला कर उनकी हत्या कर दी और फरार हो गया।

काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन गोदाम पहुंचे, जहां रामावतार असवाल खून से लथपथ पड़े मिले। उन्हें तत्काल निम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटना की सूचना पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस गोदाम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि मृतक ने हमले के दौरान बचाव का प्रयास किया था, जिसके चलते उनकी कलाई पर भी गहरा घाव मिला है।

मंगलवार सुबह हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण मनोहरपुर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मामले का जल्द खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें गठित की हैं। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Related Articles

Back to top button