दोस्ती बनी दुश्मनी, मां को धक्का देकर दीवार से टकराया सिर; मौत के बाद परिवार को कुचलने की कोशिश

भरतपुर शहर के मथुरागेट थाना क्षेत्र स्थित पटपरा मोहल्ले में अवैध धंधों में साथ देने से इनकार करने पर कुछ युवकों द्वारा घर पर पथराव करने और धक्का-मुक्की करने का मामला सामने आया है। घटना में सिर में गंभीर चोट लगने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने आरोपियों पर परिवार के सदस्यों को कार से कुचलने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है।

एडिशनल एसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि रविवार देर रात पटपरा मोहल्ले में झगड़े की सूचना मिली थी। घटना में सुशीला देवी (55) की मौत हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

मृतका के बड़े बेटे राधारमण ने बताया कि उसके छोटे भाई जीतू का दोस्त सुनीत सट्टा, गांजा बिक्री सहित अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल है। वह जीतू पर भी इन कामों में साथ देने का दबाव बना रहा था, लेकिन जीतू लगातार मना कर रहा था। इसी बात को लेकर सुनीत उससे रंजिश रखने लगा था।

राधारमण के अनुसार रविवार रात करीब 12 बजे सुनीत अपने साथियों पुष्पेंद्र, राजू, देवो और एक अन्य युवक के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज की और कोई बाहर नहीं आने पर पथराव शुरू कर दिया।

शोर सुनकर सुशीला देवी घर का गेट खोलकर बाहर आईं और युवकों को पथराव करने से रोका। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया, जिससे उनका सिर दीवार से टकरा गया और वे जमीन पर गिर गईं।

परिजनों का कहना है कि जब वे बचाव के लिए बाहर आए तो आरोपियों ने कार से उन्हें कुचलने की कोशिश भी की। हालांकि वे किसी तरह बच गए। गंभीर रूप से घायल सुशीला देवी को तत्काल आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button