तापमान में गिरावट से गर्मी से राहत, आज खराब रह सकता है मौसम

अलवर जिले में मौसम विभाग ने रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने शाम के समय तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
रविवार सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। दोपहर 12 बजे तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि पिछले सप्ताह की तुलना में तापमान में काफी गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार दिन में मौसम सामान्य रहने के बावजूद शाम के समय तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले तीन दिनों से जिले में आंधी, धूल भरे अंधड़ और हल्की बारिश का दौर जारी है। इसके चलते तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। चार दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब यह घटकर 35 डिग्री सेल्सियस रह गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान घरों या सुरक्षित स्थानों में रहने की अपील की है।





