दो पिस्टल के साथ पकड़े गए आरोपी, एक पर पहले से 4 आपराधिक मामले दर्ज

नाकाबंदी में क्रेटा कार से 2 पिस्टल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
बाड़मेर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से दो पिस्टल, मैग्जीन और एक कारतूस बरामद किया है। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देश पर अवैध हथियारों की रोकथाम और वांटेड अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन में पुलिस टीम का गठन किया गया था।
महाबार क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध सफेद रंग की क्रेटा कार दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार का पीछा कर उसे रुकवाया और उसमें सवार युवकों से पूछताछ की। आरोपियों की पहचान जयसिंह निवासी बाड़मेर और प्रवीण सिंह निवासी बीकानेर के रूप में हुई।
कार की तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, मैग्जीन और एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
प्रारंभिक जांच में जयसिंह बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर निकला। उसके खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।





