कॉल रिसीव नहीं करने पर पहुंचे साथी, अंदर से बंद कमरे में फंदे पर मिली कॉन्स्टेबल

प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक महिला कॉन्स्टेबल का शव सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला। घटना का पता तब चला जब साथी पुलिसकर्मी ईद ड्यूटी के लिए उन्हें बुलाने पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस ने गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां कॉन्स्टेबल का शव पंखे से लटका मिला।

मृतका की पहचान शोम कंवर (26) पुत्री कुशल सिंह निवासी वरमंडल, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। वह छोटी सादड़ी थाने में तैनात थीं। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

एसपी बी. आदित्य ने बताया कि गुरुवार सुबह शोम कंवर की ईद ड्यूटी लगी हुई थी। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें कॉल किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद पुलिस स्टाफ सुबह करीब 7 बजे सरकारी क्वार्टर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद दरवाजा तोड़ा गया।

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 9 बजे शोम की अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय सब सामान्य था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

शोम कंवर 2022 बैच की कॉन्स्टेबल थीं। उनकी पहली पोस्टिंग जलोदा जागीर में हुई थी। करीब एक साल पहले उनका तबादला छोटी सादड़ी थाने में हुआ था। वह पिछले तीन साल से पुलिस विभाग में सेवाएं दे रही थीं।

Related Articles

Back to top button