साइड नहीं देने पर शुरू हुआ विवाद, लाठी-डंडों से हमला; पुलिस पहुंची तो हंगामा बढ़ा

अलवर के गोविंदगढ़ कस्बे में बुधवार देर शाम ईद-उल-अजहा की खरीदारी के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे एक पुलिसकर्मी का भी सिर फोड़ दिया गया। घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ईद की खरीदारी के चलते बाजार में भारी भीड़ थी और जाम जैसे हालात बने हुए थे। इसी दौरान खेस्ती निवासी अब्दुल अपनी बहन को अस्पताल से दिखाकर लौट रहा था। गोविंदगढ़ के चौपड़ बाजार में बाइक को साइड देने की बात को लेकर अलघानी पक्ष के युवकों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ युवकों ने अब्दुल की बहन को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी, जिसके बाद मामला मारपीट में बदल गया।

झगड़े में खेस्ती निवासी अब्दुल (22) पुत्र नसरू मेव की नाक पर चोट आई है। वहीं अलवर पुलिस लाइन में तैनात सद्दाम खान (32) पुत्र असरु के सिर पर लाठी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि सद्दाम सिविल ड्रेस में ईद के मौके पर गोविंदगढ़ आया हुआ था और विवाद बढ़ता देख बीच-बचाव करने पहुंचा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक को साइड नहीं देने को लेकर विवाद होना सामने आया है। पुलिस ने मारपीट करने वाले एक युवक को शांति भंग में गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button