मंदिर दर्शन के दौरान वारदात, गैंगरेप के बाद वीडियो से धमकाते रहे आरोपी

जयपुर में 19 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक होमगार्ड जवान भी शामिल है।

पीड़िता 23 मई को अपने परिचित युवक के साथ मंदिर गई थी। दोनों पहाड़ी पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों का मोबाइल से वीडियो बना लिया। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसे बंधक बना लिया, जबकि युवती को सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी युवती को जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर शाम को घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। शुरुआत में बदनामी के डर से युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया था, लेकिन पुलिस की समझाइश और पहचान गोपनीय रखने के आश्वासन के बाद 24 मई को एफआईआर दर्ज कराई गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल करवाया और जांच शुरू की। 27 मई को तीनों संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता के धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए जा रहे हैं, जिसके बाद जेल में शिनाख्त परेड कराई जाएगी।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से कुछ अन्य महिलाओं के संदिग्ध वीडियो भी मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी।

Related Articles

Back to top button