बकरीद पर मुस्लिम समाज ने मांगी देश में शांति की दुआ, कुर्बानी का सिलसिला शुरू

अलवर में बकरीद का त्योहार श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने शहर की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचकर 2 रकअत नमाज अता की और देश-दुनिया में अमन, चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
गर्मी और तेज धूप को देखते हुए नमाज का समय सुबह साढ़े 7 बजे से 8 बजे तक रखा गया। शहर की सबसे बड़ी ईदगाह में सुबह 8 बजे नमाज अदा की गई। नमाजियों की भारी भीड़ के चलते ईदगाह के बाहर तक सफें लगानी पड़ीं। इस दौरान पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
एमडी शाहून और मौलाना अमजद ने बताया कि बकरीद का त्योहार हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि अल्लाह तआला ने उनसे उनके इकलौते बेटे की कुर्बानी मांगी थी, जिसे उन्होंने खुशी-खुशी कबूल किया। इसी याद में मुस्लिम समाज तीन दिन तक कुर्बानी करेगा।





