एक सप्ताह से बस स्टैंड के आसपास दिख रहा था युवक, अब मिला शव

अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र स्थित मंडी मोड़ प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। युवक की पहचान नहीं होने पर शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
एनईबी थाने के एएसआई ईश मोहम्मद ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि बसों के बीच एक युवक पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखा तो युवक मृत मिला।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक पिछले करीब एक सप्ताह से बस स्टैंड और आसपास के इलाके में घूमता नजर आ रहा था। सुबह तक युवक सामान्य हालत में दिखाई दिया था, लेकिन दोपहर बाद उसका शव मिला।
मृतक की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है। उसने पुराने कपड़े पहन रखे थे। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान करने और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।





