इलाज के दौरान विवाहिता की मौत, परिजनों ने क्लिनिक पर लगाए गंभीर आरोप

अलवर| मालाखेड़ा क्षेत्र के केरवा जाट गांव स्थित एक निजी क्लिनिक पर बिना जांच किए ग्लूकोज चढ़ाने के बाद विवाहिता की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराए बिना शव परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार अरावली विहार थाना क्षेत्र के सालपुर कुम्हार बास निवासी रीना देवी (28) पिछले करीब एक साल से बीमार चल रही थी। शनिवार दोपहर उसे तेज बुखार, हाथ-पैरों में दर्द और कमजोरी की शिकायत हुई। इसके बाद परिजन उसे मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के केरवा जाट गांव स्थित एक निजी क्लिनिक पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां डॉक्टर ने बिना किसी जांच के दवाइयां दीं और ग्लूकोज चढ़ाकर घर भेज दिया।

रविवार तड़के करीब 3 बजे रीना की हालत अचानक बिगड़ गई। उसे तेज बॉडी पेन, उल्टियां और चक्कर आने लगे। घबराए परिजन पहले उसे सालपुर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखकर उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन उसे अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. पीसी सैनी ने बताया कि महिला की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी। घटना के बाद ससुराल और पीहर पक्ष ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का लिखित आवेदन दिया। इसके आधार पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।

Related Articles

Back to top button