अमरनाथ यात्रा से पहले पहली तस्वीर आई सामने, जवानों ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन

अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले शनिवार को बाबा बर्फानी की पहली तस्वीरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पवित्र गुफा के अंदर करीब 6 से 7 फीट ऊंचा हिम शिवलिंग नजर आ रहा है। सुरक्षा में तैनात जवानों ने सबसे पहले बाबा बर्फानी के दर्शन किए।
इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 9 अगस्त 2026 तक चलेगी। अमरनाथ गुफा हिमालय की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित है, जहां इन दिनों तापमान शून्य से नीचे है और कई इलाकों में 10 से 12 फीट तक बर्फ जमी हुई है।
यात्रा मार्ग की सुरक्षा के लिए CISF, BSF और CRPF के जवान तैनात हैं। बालटाल और नुनवान-पहलगाम मार्ग पर बर्फ हटाने का काम तेजी से जारी है। अधिकारियों के मुताबिक बालटाल रूट पर 9 किलोमीटर और पहलगाम मार्ग पर 8 किलोमीटर ट्रैक से बर्फ हटाई जा चुकी है। ट्रैक को चौड़ा करने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने का काम भी चल रहा है।
इस बार श्रद्धालुओं के लिए बेस कैंप में टेंट की जगह प्री-फैब्रिकेटेड और फाइबर स्ट्रक्चर बनाए जा रहे हैं। इनमें अटैच्ड वॉशरूम, गर्म-ठंडे पानी और पैंट्री जैसी सुविधाएं होंगी। वहीं संवेदनशील और बाढ़ संभावित इलाकों को ‘नो-एंट्री जोन’ घोषित किया गया है।
अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक 3.6 लाख से ज्यादा श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस साल यात्रियों की संख्या 5 लाख के पार पहुंच सकती है।





