बीच सड़क नाबालिग पर हमला, तीन किशोरों ने चाकू मारकर किया फरार

जयपुर के भट्टाबस्ती इलाके में 16 साल के किशोर पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। मामूली कहासुनी के बाद तीन नाबालिग साथियों ने किशोर पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
भट्टाबस्ती थाना प्रभारी दीपक त्यागी ने बताया कि सेक्टर-4 निवासी 16 वर्षीय किशोर का गुरुवार रात करीब 10:30 बजे घर के पास ही अपने तीन साथियों से किसी छोटी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी झगड़े में बदल गई। गुस्साए तीनों नाबालिगों ने चाकू निकालकर किशोर पर हमला कर दिया।
चाकू के लगातार वार से घायल किशोर लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को इलाज के लिए SMS अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है और उसे निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार नाबालिग आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।





