हादसे का शिकार हुए रिटायर्ड प्रिंसिपल: बाइक सहित नाले में गिरे, देर रात से लापता थे

कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक रिटायर्ड प्रिंसिपल की खुले नाले में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सुभाष नगर द्वितीय निवासी रामेश्वर रावत (60) के रूप में हुई है। उनका शव गोकुल कॉलोनी स्थित नाले में बाइक के नीचे दबा मिला।

परिजनों के अनुसार रामेश्वर रावत बुधवार दोपहर समाज की मीटिंग में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद उन्होंने परिचितों और स्टाफ के लोगों को रिटायरमेंट पार्टी दी थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग लगातार फोन करते रहे, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ आता रहा।

गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने खुले नाले में एक बाइक पड़ी देखी और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बोरखेड़ा थाना पुलिस ने बाइक को बाहर निकलवाया तो उसके नीचे एक व्यक्ति दबा मिला। पुलिस तुरंत उन्हें एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाइक नंबर के आधार पर शव की पहचान रामेश्वर रावत के रूप में हुई।

परिजनों ने नगर प्रशासन और कोटा विकास प्राधिकरण पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शहर में खुले नालों और सड़कों पर गड्ढों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे। वहीं पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button