CAG रिपोर्ट का हवाला देकर जूली का हमला, बोले- विकास पर नहीं हो रहा खर्च

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश पर बढ़ते कर्ज और विकास कार्यों पर घटते खर्च को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेतपत्र जारी करना चाहिए, ताकि जनता को पता चल सके कि सरकार ने विकास पर किस तरह ब्रेक लगा दिए हैं।

जूली ने कहा कि विधानसभा में जिन मुद्दों को उन्होंने लगातार उठाया था, उन पर अब नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट ने भी मुहर लगा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास में नहीं, बल्कि कर्ज लेने में सबसे आगे निकल गई है।

उन्होंने कहा कि पूंजीगत खर्च के मामले में राजस्थान देश के सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल हो गया है। सरकार विकास बजट का केवल 51.82 प्रतिशत हिस्सा ही खर्च कर पाई। जूली ने सवाल उठाया कि जब अस्पताल, स्कूल और सड़कें नहीं बनेंगी तो युवाओं को रोजगार कहां से मिलेगा।

टीकाराम जूली ने दावा किया कि सरकार ने बजट अनुमान से 65 प्रतिशत अधिक, यानी 71 हजार 261 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है, जो प्रदेश के भविष्य के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित तेलंगाना और कर्नाटक विकास खर्च में आगे हैं, जबकि राजस्थान को कर्ज के दलदल में धकेला जा रहा है।

जूली ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने राजकोषीय घाटा कम दिखाने के लिए पूंजीगत खर्च में करीब 28 प्रतिशत की कटौती कर दी। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य की संपत्तियों के निर्माण पर असर पड़ेगा और प्रदेश को लंबे समय तक इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button