पहले 3 लाख की ठगी, फिर दूसरी शादी में मिला धोखा, युवक की आपबीती

अलवर में शादी का झांसा देकर 10 लाख से ज्यादा की ठगी, 10 लोगों पर मामला दर्ज

अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर 10.10 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने न्यायालय के इस्तगासे पर 10 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता अजय शर्मा ने बताया कि जून 2025 में उसकी पहचान बंटी नाम के युवक से हुई थी, जिसने उसकी मुलाकात मनोहर उर्फ पप्पी पंडित से कराई।

आरोप है कि दोनों ने एक युवती की फोटो दिखाकर शादी कराने का भरोसा दिलाया और उसके पिता के इलाज व शादी खर्च के नाम पर रुपए लिए। शुरुआत में अजय शर्मा से 30 हजार रुपए लिए गए।

पीड़ित के अनुसार 12 जनवरी 2026 को युवती और उसके परिजन अलवर आए, जिन्हें किराए के मकान में ठहराया गया। इस दौरान 2.30 लाख रुपए नकद लिए गए और 60 हजार रुपए की शॉपिंग कराई गई।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 17 जनवरी की रात युवती ने परिवार को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और घर से 3 लाख रुपए, मोबाइल व अन्य सामान लेकर फरार हो गई। उसके साथ आए परिजन भी गायब हो गए।

इसके बाद आरोपियों ने दूसरी युवती आरती से शादी कराने का प्रस्ताव दिया। 23 जनवरी को आरती को अलवर लाकर धर्मशाला में शादी कराई गई, लेकिन बाद में वह भी कई बार घर छोड़कर चली गई और वापस आने से इनकार कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने कुल 3.60 लाख रुपए नकद लिए और शादी के नाम पर करीब 6.50 लाख रुपए खर्च कराए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button