स्पीड में गुजरते वाहनों से फिर हादसा, टैंकर की टक्कर से युवक की मौत

अलवर शहर में शुक्रवार देर शाम नमन होटल के सामने एक तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टैंकर ड्राइवर को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।
एनईबी थानाधिकारी दिनेश चंद ने बताया कि अलवर के पास सैंथली गांव निवासी फतेह सिंह (40) और मनीष भूगोर बाइक से बाइपास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान 200 फीट रोड पर तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने फतेह सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनीष का इलाज जारी है।
पुलिस ने शनिवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में टैंकर ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वहीं स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि 200 फीट रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। यहां ट्रैफिक सिग्नल होने के बावजूद वाहन चालक गति कम नहीं करते। लोगों ने सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है।





