बुलेट सीज करने से भड़के युवक, थानेदार समेत कई पुलिसकर्मी हुए थे घायल

अलवर के गोविंदगढ़ थाना परिसर में पुलिस पर पथराव और हमला करने के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 21 मई तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

घटना 6 मई की रात की है। पुलिस चेकिंग के दौरान एक बुलेट बाइक पटाखों जैसी आवाज करती हुई गुजर रही थी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया। इसके बाद बाइक चालक के समर्थन में 50-60 लोग थाने पहुंच गए और अचानक पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

हमले में गोविंदगढ़ थाना प्रभारी धर्म सिंह समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, थाने के सरकारी वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। मामले में गोविंदगढ़ थाने के एएसआई बलबीर जाटव ने 7 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

एससी/एसटी कोर्ट के सहायक लोक अभियोजक अधिकारी योगेंद्र खटाना ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्रम सिंह, सुखजीत सिंह, अर्जुन सिंह और रौनकी सिंह को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी गोविंदगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, जब्त की गई बुलेट बाइक पर न तो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगी थी और न ही मानक साइलेंसर था। इसी कार्रवाई से नाराज होकर युवकों ने संगठित होकर थाने पर हमला किया।

एफआईआर में 50-60 लोगों का जिक्र है, जिनमें कई नामजद हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button