फर्जी कंपनी विवाद पर घमासान, पीजूष हजारिका ने पवन खेड़ा को घेरा

दरअसल, पीजूष हजारिका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक स्क्रीन-रिकॉर्डेड वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने यह दिखाने की कोशिश की कि ऑनलाइन फर्जी कंपनी बनाना कितना आसान है। वीडियो में अमेरिका के वायोमिंग राज्य की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ‘Pawan Peda LLC’ नाम से कंपनी बनाने की प्रक्रिया दिखाई गई है। इसमें कथित तौर पर काल्पनिक जानकारी का उपयोग किया गया।
हजारिका ने इस वीडियो के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की कि इस तरह की कंपनियां बनाना एक सामान्य ऑनलाइन प्रक्रिया है और केवल किसी कंपनी के अस्तित्व से किसी गलत काम का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। उन्होंने कांग्रेस और पवन खेड़ा पर फर्जी कंपनियों के मुद्दे पर भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप लगाया।
अपने पोस्ट में हजारिका ने कहा कि पवन खेड़ा झूठ पकड़े जाने के डर से नए आरोप गढ़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने स्वयं रिसर्च कर यह प्रक्रिया पूरी की और वीडियो के जरिए इसे सार्वजनिक किया।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे। खेड़ा ने दावा किया था कि उनके पास एक से अधिक पासपोर्ट हैं और विदेशों में अघोषित संपत्तियां हैं।
इन आरोपों के बाद असम पुलिस ने पवन खेड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें मानहानि, जालसाजी और आपराधिक साजिश के आरोप शामिल हैं। पुलिस ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर तलाशी ली, जबकि हैदराबाद स्थित घर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ाई गई।
वहीं, पवन खेड़ा ने इन कार्रवाइयों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह डरने वाले नहीं हैं और इस मुद्दे को उठाते रहेंगे।





