हाथ में प्रेमिका की फोटो लेकर युवक ने बनाया वीडियो, बाद में संदिग्ध हाल में मिला शव

एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना थाना जसरथपुर क्षेत्र के नथुआपुर तिराहे के पास की है।
सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शराब के ठेके के पीछे स्थित आम के बाग में एक युवक फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की। घटनास्थल के पास मिले एक बैग में रखे आधार कार्ड से युवक की पहचान राहुल (20) निवासी ग्राम नयागांव, थाना मेरापुर, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई।
पुलिस जांच में युवक के मोबाइल फोन और इंस्टाग्राम आईडी से कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वह प्रेमिका के साथ फोटो हाथ में लेकर भावुक अवस्था में रोता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में उसके हाथ में एक रस्सी भी दिखाई दे रही है, जिससे फंदा लगाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि पास के ही गांव में युवक की बहन की शादी हुई थी और वहीं की एक युवती से उसके संबंध थे।
वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है।
घटनास्थल पर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह के अनुसार, युवक के मोबाइल से मिले वीडियो के आधार पर मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है।





