बकरी का शिकार करने आया तेंदुआ, महिला ने दिखाई बहादुरी; जख्मी कर जंगल की ओर भागा

Katarniaghat Wildlife Sanctuary की कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत सदर बीट के कुरकुरी कुआं गांव में मंगलवार तड़के तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। घर में घुसे तेंदुए ने एक बकरी को मार डाला, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला ने अपनी जान बचाने के लिए करीब 10 मिनट तक तेंदुए से संघर्ष किया।
गांव निवासी 47 वर्षीय महिला श्रीमती, पत्नी ध्रुव कुमार निषाद, रात करीब एक बजे आंगन में बंधी बकरी की छटपटाने की आवाज सुनकर बाहर पहुंचीं। दूसरे कमरे में जाकर देखा तो तेंदुआ बकरी को जबड़े में दबोचे हुए था। महिला के शोर मचाने पर तेंदुए ने बकरी को छोड़ उन पर झपट्टा मार दिया।
करीब दस मिनट तक महिला ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और तेंदुए से भिड़ती रहीं। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ दीवार फांदकर जंगल की ओर भाग गया। हमले में महिला के सिर, पेट और हाथ में गहरे घाव आए हैं।
गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीएचसी मिहींपुरवा रेफर कर दिया गया। वन विभाग के वॉचर अमरजीत ने मौके पर पहुंचकर पगचिह्नों के आधार पर तेंदुए के हमले की पुष्टि की।
रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि वन विभाग की टीम गांव पहुंच रही है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।





