यूपी की कानून व्यवस्था पर सियासत तेज, अखिलेश ने सरकार को घेरा

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस शासन में एक एसपी फरार हो जाए और निवेश के नाम पर पांच प्रतिशत एडवांस लेने वाला आईएएस अधिकारी भी गायब हो जाए, वहां आम गुमशुदा लोगों की तलाश की उम्मीद करना मुश्किल है।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार, ठगी और अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में अपराध की घटनाएं रोज सामने आ रही हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
सपा प्रमुख ने हाथरस में एनएच-93 पर सेना के जवान की दिनदहाड़े हत्या, सरोजिनी नगर में युवक के अपहरण व लूट और गोमती नगर में महिला से पर्स छीनने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उनका दावा है कि पिछले दो वर्षों में राज्य में करीब 1.08 लाख लोग लापता हुए हैं, जिनकी गुमशुदगी दर्ज होने के बावजूद कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई।
अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा हालात में उत्तर प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।





