अलवर में अगले 2 दिन तक घने कोहरे की चेतावनी, बढ़ेगी परेशानी

राजस्थान के अलवर जिले में मौसम का मिजाज लगातार सख्त बना हुआ है। सोमवार को आसमान में बादल छाए रहे और शीतलहर चलने से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय कंपकंपी जैसी स्थिति रही।

मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अगले दो दिनों तक घने कोहरे की संभावना बनी हुई है। रविवार रात से ही कोहरा छाने लगा था, जिसके चलते सोमवार सुबह करीब 6 बजे विजिबिलिटी घटकर लगभग 60 मीटर रह गई। कोहरे के कारण सुबह के समय सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हालांकि, दिन चढ़ने के साथ शीतलहर तेज होने से कोहरे का असर कुछ हद तक कम हुआ, लेकिन ठंड और बढ़ गई। जिले में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

कोहरे और ठंडी हवाओं से सबसे ज्यादा परेशानी दुपहिया वाहन चालकों को हो रही है। सीधे ठंडी हवा लगने से हाथों में सुन्नता महसूस हो रही है, जिस कारण कई लोग रुक-रुक कर वाहन चलाने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि जिले में बारिश होती है और बर्फीली हवाएं चलती हैं, तो कड़ाके की ठंड और बढ़ सकती है। बारिश से कुछ फसलों को नुकसान की आशंका जताई गई है, जबकि कुछ फसलों को इससे फायदा भी हो सकता है। वाहन चालकों और आम लोगों को कोहरे और ठंड को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button