जयपुर में फिर काली थार का आतंक, चार कारों को मारी टक्कर

जयपुर में एक बार फिर काली थार जीप का आतंक देखने को मिला। शनिवार दोपहर मानसरोवर इलाके में ब्लैक थार सवार युवकों ने कॉलोनी में जमकर उत्पात मचाया। घरों के बाहर खड़ी चार कारों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जब स्थानीय लोगों ने वाहन रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने लोगों पर थार चढ़ाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शिप्रापथ थाना क्षेत्र के मध्यम मार्ग, मानसरोवर सेक्टर-11 की है। शिप्रापथ थाने में तैनात एसआई देवेंद्र सिंह उस समय गश्त पर थे। विजय पथ पर भीड़ देख मौके पर पहुंचे तो लोगों ने बताया कि ब्लैक कलर की थार कॉलोनी की संकरी गलियों में ओवरस्पीड में दौड़ाई गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार जीप ने पहले घरों के बाहर खड़ी कारों को टक्कर मारी। तेज धमाके की आवाज सुनकर लोग बाहर निकले और ड्राइवर को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने जीप को पीछे करते हुए भीड़ को कुचलने की कोशिश की। गनीमत रही कि लोग साइड हट गए और बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद ड्राइवर तेज रफ्तार में थार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थार जीप व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button