बिजली निगम को बड़ा झटका: अलवर में दो ट्रांसफार्मर चोरी, कबाड़ी नेटवर्क पुलिस के रडार पर

अलवर के सदर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा अलग-अलग गांवों से दो बिजली ट्रांसफार्मर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अलवर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) की ओर से सदर थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
पहली घटना ग्राम रायबका की है, जहां 11 केवी रायबका फीडर पर स्थापित 16 केवी विद्युत ट्रांसफार्मर को 10 जनवरी 2026 की रात चोरी कर लिया गया। इस चोरी से निगम को करीब 56,096 रुपये की राजस्व हानि हुई है। चोरी हुआ ट्रांसफार्मर सुदर्शन कंपनी का बताया गया है।
दूसरी घटना ग्राम बहादुरपुर की है। यहां 11 केवी टोडली फीडर से जुड़े कृषि विद्युत कनेक्शन पर लगा 10 केवी ट्रांसफार्मर 16 जनवरी 2026 की रात चोरी हो गया। इस मामले में निगम को लगभग 93,929 रुपये का नुकसान हुआ है। यह ट्रांसफार्मर जयपुर इलेक्ट्रोलाइन कंपनी का बताया गया है।
इस संबंध में इंजीनियरिंग सुपरवाइजर संतोष कुमार मिश्रा, निवासी बीडीआई चिकानी, अलवर की ओर से सदर थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और कबाड़ी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।





