चौथे दिन भी कोहरे का कहर: अलवर में विजिबिलिटी 50 मीटर, जनजीवन प्रभावित

अलवर जिले में लगातार चौथे दिन घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर रह गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बीती रात से जिले में हल्की बूंदाबांदी भी जारी है, जिससे ठिठुरन और शीतलहर का असर और बढ़ गया है।
बुधवार को दिनभर सर्दी का असर बना रहा और शाम होते ही पूरे जिले में घना कोहरा छा गया। गुरुवार सुबह भी कोहरे, हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। खेतों में फसलों की पत्तियों पर ओस की मोटी परत जम गई है।
तापमान और मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग ने अगले दो दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।
ठंड और बढ़ने के आसार
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज हो सकता है। इसे इस सीजन की अब तक की सबसे तेज सर्दी माना जा रहा है। हालांकि, मौजूदा मौसम से फसलों को फिलहाल लाभ पहुंचा है। बीते तीन-चार दिनों से लगातार कोहरा बना हुआ है, हालांकि दिन में कुछ घंटों के लिए धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिल रही है।





