न्यू ईयर वेकेशन: बॉलीवुड सेलेब्स ने बीच और रेगिस्तान में मनाया जश्न

नया साल आते ही सेलेब्रिटीज के जश्न मनाने के अंदाज भी सामने आने लगे हैं। कोई सुकून और शांति की तलाश में ट्रैवल पर निकल पड़ा है, तो कोई अपनों के साथ सादगी से साल का स्वागत कर रहा है। किसी के लिए यह वक्त यादों को दोहराने का है, तो किसी के लिए खुद के साथ समय बिताने का। आइए जानते हैं कि नए साल 2026 को लेकर सितारों की क्या खास प्लानिंग है।

कृतिका कामरा: जैसलमेर में सुकून के साथ नए साल की शुरुआत

कृतिका कामरा इस बार नया साल जैसलमेर में मना रही हैं। उन्होंने बताया कि दोस्तों के साथ कुछ दिन सुकून से बिताने के इरादे से उन्होंने यह जगह चुनी। कृतिका के अनुसार, साफ हवा, हल्की धूप और रोजमर्रा की भागदौड़ से दूरी उन्हें बेहद जरूरी लग रही थी। उन्होंने कहा कि राजस्थान का खाना, संस्कृति, संगीत और लोगों का अपनापन उन्हें हमेशा आकर्षित करता है और साल के अंत के लिए जैसलमेर उन्हें एकदम परफेक्ट जगह लगी।

श्वेता त्रिपाठी: यादों, सरप्राइज और सफर से भरा नया साल

श्वेता त्रिपाठी का न्यू ईयर प्लान भावनाओं और सरप्राइज से भरा रहा। उन्होंने बताया कि वह अचानक जैसलमेर पहुंचीं और वहां ‘मिर्जापुर’ की पूरी टीम को सरप्राइज दिया। बचपन में माता-पिता के साथ जैसलमेर आने की यादें उनके लिए खास रहीं और इतने सालों बाद उसी जगह लौटना काफी भावुक अनुभव था।

श्वेता ने कहा कि रेत के टीलों के बीच चांदनी रात में बिताया गया वक्त बेहद खूबसूरत रहा। इसके बाद वह दोस्तों के साथ थाईलैंड भी गईं, जहां उन्होंने नए साल का जश्न पहले ही मना लिया। हालांकि 2026 की शुरुआत वह काम के साथ करेंगी और भोपाल में अपने पति के साथ किसी खास विरासत स्थल पर साल का स्वागत करेंगी।

गुलशन देवैया: खुद के साथ समय बिताने का फैसला

गुलशन देवैया इस बार नया साल बेहद सादगी से मनाने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वह घर पर रहकर अपने लिए खाना बनाना, आराम करना और लंबे समय से रुकी हुई स्क्रिप्ट्स पढ़ना चाहते हैं। इसके साथ ही वे कुछ ऐसे छोटे लेकिन जरूरी फैसले भी लेना चाहते हैं, जिन्हें वे काफी समय से टालते आ रहे थे। उनके लिए नया साल खुद से जुड़ने और आत्ममंथन का समय है।

Related Articles

Back to top button