राजस्थान सरकार ने शुरू किया 100 दिन का विशेष अभियान, बालिकाओं को जागरूक किया जाएगा

अलवर में बाल विवाह मुक्त भारत के 100 दिवसीय अभियान के तहत बुधवार को मानवाधिकार दिवस के अवसर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिला अधिकारिता विभाग ने मिशन शक्ति के अंतर्गत बालिकाओं को उनके कानूनी और सामाजिक अधिकारों की जानकारी देने के लिए जागरूकता रैली निकाली, जिसे एडीएम सिटी बीना महावर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में बालिकाओं को अदालत संबंधी अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और आत्मनिर्भरता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया। छात्राओं में रैली के दौरान उत्साह और जागरूकता का खास माहौल देखने को मिला।

इसी दौरान स्वयंसेवी संस्था सखी सहेली द्वारा माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर एक अलग रैली भी निकाली गई। यह रैली राज ऋषि महाविद्यालय ग्राउंड से शुरू होकर प्रताप ऑडिटोरियम पर संपन्न हुई। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक ऋषिराज सिंघल ने बताया कि राज्य सरकार माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए उड़ान योजना चला रही है, जिससे बालिकाओं को सुरक्षित और स्वच्छ माहवारी प्रबंधन में मदद मिल रही है।

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रताप ऑडिटोरियम में एक बड़ा कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें हजारों स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और बाल विवाह सहित सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button