लूट की घटनाओं का मास्टरमाइंड निकला दिव्यांग हिस्ट्रीशीटर; वारदात के बाद खुद दौड़ाता था गाड़ी

अलवर के सदर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर पंकज उर्फ गोलू ऐसा अपराधी है जिसके दोनों हाथ नहीं हैं—एक हाथ कंधे से नीचे और दूसरा कोहनी से नीचे कट चुका है। इसके बावजूद वह पांच लूट की वारदातें अंजाम दे चुका है। हर वारदात के बाद वह खुद चार पहिया वाहन चलाकर फरार हो जाता था, जिसे देखकर पुलिस और कोर्ट भी हैरान रह गए।

6 अक्टूबर 2025 को अदालत ने उसकी दिव्यांगता को देखते हुए उसे सशर्त जमानत दी। शर्त यह है कि वह हर सोमवार सदर थाने में दो घंटे सफाई करेगा। सोमवार को जब वह सफाई करने पहुंचा, तो पुलिस ने उसे कार चलाने को कहा। पंकज ने सामान्य व्यक्ति की तरह तेजी से गाड़ी दौड़ाई, जिसे देखकर सभी दंग रह गए।

दोस्तों की संगत में पड़ा अपराध की दुनिया में

पंकज (25) ने बताया कि वह चार दोस्तों के ग्रुप में शामिल था, जिनमें से तीन अभी जेल में बंद हैं। उनकी संगत में ही वह लूटपाट में शामिल हुआ। अदालत ने पैरोल पर रिहाई देते समय उसके दोनों हाथ न होने और दैनिक जीवन में होने वाली कठिनाइयों को आधार माना, लेकिन लूट के बाद उसकी कार चलाने की क्षमता सभी के लिए आश्चर्य का विषय बनी हुई है।

बचपन में बिजली का तार गिरा, उसके बाद कटवाने पड़े हाथ

ढाई साल की उम्र में 11 केवी का बिजली का तार गिरने से पंकज गंभीर रूप से झुलस गया था। मजबूरी में उसके दोनों हाथ काटने पड़े। वह तभी से दिव्यांग है। पुलिस पूछताछ में उसने कहा कि अब दोबारा अपराध की दुनिया में नहीं जाना चाहता और कोर्ट के आदेशों का पालन करेगा।

एक साल में पांच मुकदमे दर्ज

8वीं पास पंकज पर दो मुकदमे राजगढ़ थाना, दो सदर थाना, और एक एनईबी थाना क्षेत्र में दर्ज हैं। ये सभी लूट की वारदातें इसी साल दर्ज हुईं, जिसके बाद उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई। उसके साथियों में दीपक, दीपू, सुरेंद्र, गौरव और इंद्र यादव शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button