परिवार गांव गया, मालिक ड्यूटी पर चोरों ने मौका पाकर शिव कॉलोनी के मकान को निशाना बनाया

अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र स्थित शिव कॉलोनी में शनिवार रात एक सूने मकान का ताला तोड़कर चार अज्ञात चोर बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोर घर से एक बाइक, मोबाइल फोन, 5,000 रुपये नगद और नई जैकेट चोरी कर ले गए। पूरी घटना पड़ोसियों के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

सुबह टूटा ताला देख पड़ोसियों ने दी सूचना

रविवार सुबह पड़ोसियों ने मकान के ताले टूटे देखे, जिसके बाद तुरंत मकान मालिक को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी।
एनईबी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

नाइट शिफ्ट का फायदा उठाकर की चोरी

मकान मालिक जितेंद्र राजपूत, जो हेवल्स कंपनी में ऑपरेटर हैं, ने बताया कि घटना वाली रात उनकी ड्यूटी नाइट शिफ्ट में थी और उनकी पत्नी व बच्चे गांव गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पड़ोसियों ने समय पर दी जानकारी, लेकिन चोर अभी भी फरार

पड़ोसी चौधरी ईश्वर सिंह नेहरा ने बताया कि उन्होंने जैसे ही टूटे ताले देखे, तुरंत मकान मालिक को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button