एक दिन पहले सड़क के बीच टाइगर संग बैठी दिखी टाइग्रेस, पर्यटकों और ग्रामीणों में दहशत

अलवर के सरिस्का जंगल में टाइग्रेस एसटी–9 का रोमांचक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह करीब 10 फीट ऊंची तारबंदी फांदकर दूसरी ओर छलांग लगाती दिख रही है। टूरिस्ट ने इस पूरे दृश्य को अपने कैमरे में कैद कर लिया।
टाइग्रेस एसटी–9 एक दिन पहले टाइगर एसटी–2304 के साथ अलवर–जयपुर रोड के बीच में बैठी देखी गई थी। पिछले एक महीने से दोनों की सरिस्का क्षेत्र में कई बार साइटिंग हो रही है और अक्सर दोनों साथ दिखाई देते हैं। इस कारण सरिस्का घूमने आने वाले पर्यटकों में रोमांच और उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

टूरिस्ट वाहनों के सामने लगाई जबरदस्त छलांग

सरिस्का के सदर इलाके में टाइगर और टाइग्रेस की साइटिंग अब आम होती जा रही है। ताजा वीडियो में टाइग्रेस एसटी–9 अचानक टूरिस्ट की केंटरा और जिप्सी के ठीक सामने पहुंचती है और बिना किसी झिझक के तारबंदी के ऊपर से ऊंची छलांग लगा देती है।
दृश्य देखकर कुछ पर्यटक घबरा गए और उन्हें लगा कि बाघिन हमला कर सकती है, लेकिन मौके पर मौजूद गाइड ने उन्हें शांत कराया और बताया कि वह सिर्फ रास्ता बदल रही थी। टाइग्रेस के छलांग लगाने के कुछ ही देर बाद पास में टाइगर एसटी–2304 भी दिखाई दिया।

पर्यटकों में रोमांच बढ़ा

सरिस्का में पिछले कुछ समय से बिग कैट्स की बढ़ती गतिविधियों और आसान साइटिंग के कारण पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रोमांचक पलों के ऐसे वीडियो सोशल मीडिया में भी तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे सरिस्का टाइगर रिज़र्व की लोकप्रियता और बढ़ी है।

Related Articles

Back to top button