पांच दिन पहले मिली थी धमकी, अब कारों में आग पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल

झुंझुनूं के चूरू बाइपास इलाके में शनिवार रात बदमाशों ने मन्नत मोटर्स वर्कशॉप में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। रात करीब 10 बजे हुई इस वारदात में वर्कशॉप में मरम्मत के लिए खड़ी 18 कारें देखते ही देखते जलकर राख हो गईं। आग इतनी भीषण थी कि 2 किलोमीटर दूर तक धुआं दिखाई दिया और लगातार धमाकों की आवाज से इलाका दहल उठा।
रात 10 बजे उठीं आग की लपटें
वर्कशॉप संचालक नासिर राठौड़ शनिवार शाम 7:30 बजे वर्कशॉप बंद कर घर चले गए थे। देर रात पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर आग लगने की सूचना दी। जब वे पहुंचे तो पूरी वर्कशॉप धधक रही थी और गाड़ियों के टैंक फटने से धमाके हो रहे थे।
3 दमकलों ने 5 फेरे लगाकर आग बुझाई
गाड़ियों में भरे पेट्रोल और डीजल के कारण आग तेजी से फैलती गई।
- 3 दमकलों ने 5 चक्कर लगाते हुए करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया।
5 दिन पहले भी हुई थी तोड़फोड़, पेट्रोल बम फेंके गए थे
यह आगजनी किसी अचानक हुई घटना का नतीजा नहीं थी।
- 24 नवंबर को बदमाशों ने वर्कशॉप में तोड़फोड़ कर पेट्रोल बम फेंका था।
- उसी रात पास के मन्नत होटल में भी तोड़फोड़ और बम फेंके गए।
- दोनों घटनाओं की CCTV फुटेज पुलिस को दी गई और रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
- लेकिन पुलिस की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई, जिससे बदमाशों के हौसले बढ़ गए।
CCTV में साफ दिखे हमलावर
नवीनतम फुटेज में हमलावर वर्कशॉप में घुसते, गाड़ियों के शीशे तोड़ते और पेट्रोल छिड़ककर आग लगाते दिखाई दे रहे हैं। संचालक के अनुसार, ये वही आरोपी हैं जिन्होंने पहले भी हमला किया था।
लोगों में दहशत, पुलिस-प्रशासन पर सवाल
लगातार धमाकों और तेज आग की लपटों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। भीड़ जमा होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों में यह नाराजगी है कि अगर पहली शिकायत पर कार्रवाई की जाती, तो आज की बड़ी वारदात टल सकती थी।





