गड़बड़ी की जांच के बाद सरपंच निलंबित, प्रशासन ने कदम उठाया

अलवर के मालाखेड़ा स्थित सालपुर ग्राम पंचायत के सरपंच इमरान खान को पद से हटा दिया गया है। उन पर गांव में इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने के आरोप साबित हुए हैं।
जिला परिषद अलवर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि रामस्वरूप जोगी के घर से तेजराम के घर तक के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। यह रिपोर्ट सरकार को भेजी गई, जिसके बाद पंचायती राज विभाग ने इमरान खान को प्रशासक पद से पदमुक्त करने के आदेश जारी किए।
राज्य सरकार के 11 फरवरी 2025 और जिला कलेक्टर अलवर के 22 जनवरी 2025 के आदेश के तहत इमरान खान पहले ग्राम पंचायत सालपुर के प्रशासक नियुक्त किए गए थे। जांच में दोषी पाए जाने के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया।
आदेश अतिरिक्त आयुक्त एवं शासन उप सचिव त्रिलोक चंद मीना द्वारा जारी किया गया है। विभाग ने जिला कलेक्टर अलवर को निर्देश दिए हैं कि नए प्रशासक की नियुक्ति कर विभाग को अवगत कराया जाए।





