योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों संग की बैठक, दिए सुरक्षा और व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार की सुबह वाराणसी पहुंचकर काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने बाबा कालभैरव के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के उपरांत सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी वाराणसी दौरे की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने बनारस रेलवे स्टेशन और बरेका (बनारस रेल इंजन कारखाना) का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को स्टेशन परिसर के सुंदरीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया।
सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु और व्यवस्थित रहें। उन्होंने स्टेशन पर साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 7 और 8 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस समेत तीन अन्य ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व मुख्यमंत्री का यह निरीक्षण दौरा तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





