मटका और चेयर रेस में भारतीय प्रतिभागियों का जलवा: विदेशी सैलानियों ने भी जमकर लिया आनंद
पुष्कर मेले में पंचतीर्थ स्नान के तीसरे दिन ब्रह्म चतुर्दशी पर देशभर से आए संत-महंतों ने सप्तऋषि घाट पर शाही स्नान किया। इस मौके पर सुबह मंगला आरती से पहले ब्रह्मा जी का महाअभिषेक हुआ। इसके बाद 56 भोग की झांकी सजाई गई और भव्य श्रृंगार के साथ महाआरती संपन्न हुई।
सैन भक्ति पीठ से सैनाचार्य अचलानंदाचार्य महाराज और राम रमैया राम के महंत प्रेमदास महाराज के सानिध्य में संतों की शाही यात्रा निकाली गई। यात्रा संकीर्तन के साथ रामधाम तिराहे, गुरुद्वारा और हाई-लेवल ब्रिज होते हुए सप्तऋषि घाट पहुंची। यहां संतों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ब्रह्म सरोवर का पूजन-अभिषेक किया और शाही डुबकी लगाई।
संतों ने इस अवसर पर नशे का त्याग करने का आह्वान किया और समाज में बढ़ते हादसों पर नियंत्रण के लिए प्रार्थना की। सप्तऋषि घाट पर संतों ने भगवान भोलेनाथ के वेश में आरती की और यज्ञ संपन्न किया।
इसी दौरान मेले में मटका रेस और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें देसी-विदेशी पर्यटकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मटका रेस में बांदरसिंदरी की आचुकी चौधरी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि म्यूजिकल चेयर में मसूदा की अनीता कंवर विजेता रहीं।
पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने मेले में पहुंचकर व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई, जबकि प्रशासन ने सभी तैयारियों को सुचारू बताया।





