रात में जंगली जानवरों का डर, सर्दी में मुश्किल काम,किसानों ने किया ग्रिड का घेराव

अलवर के मालाखेड़ा क्षेत्र में बिजली सप्लाई को लेकर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को इंदरगढ़ बिजली जीएसएस (ग्रिड सब-स्टेशन) पर 10 गांवों के किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। किसानों की मांग है कि खेतों के लिए दिन में बिजली सप्लाई दी जाए, क्योंकि रात में काम करना खतरनाक हो जाता है।
किसानों ने बताया कि पहले दिन में थ्री-फेज बिजली मिलती थी, लेकिन अब विभाग ने सप्लाई का समय बदलकर रात में कर दिया है। इससे सर्दी में खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है।
किसानों का कहना है कि रात के समय खेतों में जंगली जानवरों का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही रात की बिजली में बार-बार फॉल्ट आने से फसल को नुकसान का डर बना रहता है।
प्रदर्शन में नगला जोगी, सालपुर, सालपुर बास, इंदरगढ़, महुआ, गुर्जरवास, दादर, नीमला का बास, खेरवाड़ा और मोरेड़ा गांव के किसान शामिल हुए। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही दिन की बिजली सप्लाई बहाल नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।





