फसल बीमा क्लेम में बड़ा फर्जीवाड़ा: ई-मित्र पर पहुंचा किसान तो खुली ठगी की पोल

बीकानेर के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में फसल बीमा क्लेम में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। ठगों ने किसानों के नाम पर पहले ही फसलों का बीमा करवाकर क्लेम उठा लिया, जबकि असली किसानों को इसकी जानकारी तक नहीं थी। मामला तब खुला जब किसान ई-मित्र केंद्र पर अपनी फसल का बीमा करवाने पहुंचे। ई-मित्र संचालक ने बताया कि बीमा और क्लेम पहले ही किसी और नाम से किया जा चुका है।

अब तक 5 गांवों के 11 किसान ऐसे सामने आए हैं, जिन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। किसानों का आरोप है कि कृषि विभाग की लापरवाही से यह धोखाधड़ी संभव हुई और फर्जी क्लेम का भुगतान भी हो गया।

खोखराणा गांव के किसान बुधराम मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि उनके खेत के खसरा नंबर पर देवीलाल पुत्र श्रीराम निवासी लालेरा के नाम से बीमा करवाया गया था। जांच में सामने आया कि देवीलाल ने फर्जी दस्तावेजों और जाली हस्ताक्षरों से 45 हजार रुपए का बीमा क्लेम बीकानेर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक की लूणकरणसर शाखा से उठाया।

किसानों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे प्रकरण में राजस्व विभाग और बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार को सौंपी है।

Related Articles

Back to top button