हमलावरों ने पहले भाई पर किया था हमला, अब छोटे भाई को बनाया निशाना

अलवर में रविवार सुबह करीब 9 बजे पेट्रोल पंप पर एक युवक पर छह बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को लात-घूंसे और थप्पड़ों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घायल युवक महेंद्र (27) को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उद्योग नगर थाना अधिकारी मोहन सिंह गुर्जर ने बताया कि यह मामला आपसी रंजिश का है। बदमाशों की पहचान विनोद मीणा, उम्मेद मीणा, विशाल जाट, जीतू मीणा, वीर सिंह और रमजान खान के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
महेंद्र ने बताया कि वह केरवा जाट स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल लेने गया था, तभी पिकअप में सवार छह बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। उसने बताया कि तीन महीने पहले उसके भाई संजय (31) पर भी करीब 15 बदमाशों ने हमला किया था और हवाई फायरिंग की थी। तब कुछ आरोपी गिरफ्तार हुए थे, जबकि बाकी फरार चल रहे हैं।
महेंद्र के मुताबिक, आरोपी लगातार राजीनामे का दबाव बना रहे थे। जब परिवार ने समझौते से इनकार किया, तो गुस्साए बदमाशों ने रविवार सुबह पेट्रोल पंप पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रंजिश की शुरुआत तब हुई जब आरोपियों ने एक मेडिकल शॉप पर दवाई के पैसे नहीं दिए थे। मेडिकल संचालक महेंद्र के भाई का परिचित था, इसलिए उसने उसका पक्ष लिया — और तभी से विवाद बढ़ता गया।





