24 घंटे में ₹78 लाख की चोरी का पर्दाफाश, ट्रेलर व लोहे की ब्लेड बरामद

अलवर पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए महज़ 24 घंटे में 78 लाख रुपये की चोरी का राज़फाश कर दिया। इस सफलता में पुलिस ने चोरी हुआ ट्रेलर और उसमें लदा 38 लाख रुपये का लोहे की ब्लेड बरामद किया है। साथ ही गिरोह के एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने जानकारी दी कि 13 सितंबर को झारखंड से भिवाड़ी के लिए एक ट्रेलर में करीब 38 लाख रुपये की लोहे की ब्लेड भेजी गई थी। 29 सितंबर को परिवादी ने वैशाली नगर थाना अलवर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ट्रेलर चालक कुछ अन्य साथियों के साथ माल और वाहन सहित फरार हो गया। इसके बाद आरोपी फिरोज मन्नाका और उसके साथी परिवादी से 3 लाख रुपये की फिरौती मांगने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी चौधरी के निर्देश पर एएसपी कांबले शरण गोपीनाथ आईपीएस और सीओ अंगद शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। थानाधिकारी गुरुदत्त सैनी के नेतृत्व में वैशाली नगर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए मुख्य आरोपी अजुरुद्दीन उर्फ लाला मेव (30), निवासी शीतल थाना बडोदामेव को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया ट्रेलर जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये है और उसमें लदा लोहे की ब्लेड जिसकी कीमत लगभग 38 लाख रुपये है, कुल मिलाकर करीब 78 लाख रुपये की बरामदगी कर ली।
एसपी चौधरी ने बताया कि आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों और फिरौती की साजिश को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने इस तेज़ और सफल कार्रवाई के लिए टीम की सराहना की है।





