भराला गांव के जंगल में ‘न्यूड गैंग’ की दहशत, ड्यूटी पर जाती महिला को खेत में खींचा, ड्रोन से तलाश

मेरठ:  भराला-सिवाया मार्ग पर शनिवार सुबह मेरठ ड्यूटी पर जा रही एक महिला को पीछे से दो निर्वस्त्र संदिग्ध युवकों ने पकड़ लिया। युवकों ने महिला को गन्ने के खेत में खींच लिया। महिला का शोर सुनकर मौके पर पहुंचे स्कूल बस के चालक, परिचालक को देखकर आरोपी भाग गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में गांव पहुंचकर ड्रोन उड़ाया, लेकिन उनका कोई पता नहीं लग सका।

ग्रामीणों के अनुसार सिवाया-भराला मार्ग पर पिछले कुछ दिन से निर्वस्त्र युवक पैदल जा रही महिलाओं के साथ अभद्रता कर खेत में खींचने का प्रयास कर रहे हैं। इस कारण महिलाओं और युवतियों के साथ ही उनके परिजनों में दहशत का माहौल है।

शनिवार को भी गांव निवासी एक महिला आबूलेन स्थित शोरूम पर ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसी बीच पीछे से आए निर्वस्त्र संदिग्ध दो युवकों ने महिला को गन्ने के खेत में खींच लिया। इस दौरान महिला चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर एक स्कूल की बस के चालक सरसवा गांव निवासी अनिल, परिचालक बफावत निवासी शिवम खेतों की ओर दौड़े। दोनों को अपनी ओर आता देख आरोपी भाग निकले।

बुरी तरह घबराई महिला को दोनों ने सांत्वना दी और ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ खेतों में कांबिंग की, लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद ड्रोन मंगवाया गया और खेतों के ऊपर ड्रोन उड़ाकर आरोपियों की तलाश की गई। काफी देर तक ड्रोन उड़ाने के बाद भी आरोपियों का पता नहीं लग सका।

ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले भी निर्वस्त्र युवक आने जाने वाली महिलाओं व युवतियों के साथ छेड़छाड़ व उन्हें खेत में खींचने का प्रयास कर चुके हैं। महिलाएं खेतों और ड्यूटी पर अकेला जाने से डर रही हैं। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी रहेगी, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button