लापरवाही बरतने पर पीआरवी निलंबित, घटना होते देख भाग निकली थी गाड़ी

जालौन: उरई में शहर के कालपी बस स्टैंड में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद उपद्रवियों ने दो बाइकों में आग लगा दी थी। घटना के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मारपीट के बाद हुई आगजनी के मामले के पहले जब कहासुनी हो रही थी तब वहां से एक पीआरवी गाड़ी गुजरी। चालक ने नजारा देखा और गाड़ी को आगे बढ़ा दिया। लापरवही पर पीआरवी-5700 टीम में शामिल हेड कांस्टेबल अवध किशोर, महिला सिपाही मधू, सिपाही भारती को निलंबित कर पुलिस लाइन आमद कराने का निर्देश दिया। होमगार्ड चालक दयाशील के खिलाफ कार्रवाई के लिए होमगार्ड कमांडेंट को पत्र लिखा गया है।
आरोपियों के अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
मारपीट के बाद हुई आगजनी की घटना के बाद शहर में बवाल की स्थिति खड़ी हो गई थी। देर रात पुलिस ने आरोपी शादाब व उसके भाई माजिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर शनिवार की सुबह उनके द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवा दिया। आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। एसपी का कहना है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुख्य आरोपियों के साथ नेटवर्क में जुड़े अन्य लोगों पर भी की जा रही सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि मामले की गहन जांच कराई जा रही है। मुख्य आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ इन्हें संरक्षण प्रदान करने वाले लोगों के नेटवर्क भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस नेटवर्क में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी विधि अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जा रही है।





