चुनाव आयोग कल दोपहर 3 बजे करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस, SIR से जुड़े सवालों का दे सकता है जवाब

नई दिल्ली:  भारत निर्वाचन आयोग 17 अगस्त (रविवार) को दोपहर 3 बजे नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस की जानकारी चुनाव आयोग के डायरेक्टर जनरल (मीडिया) की ओर दी गई है। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग एसआईआर को लेकर उठे सवालों के जवाब दे सकता है।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के अलावा किसी अन्य मुद्दे पर चुनाव आयोग द्वारा औपचारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करना असामान्य है। प्रेस कॉन्फ्रेंस का विषय अभी तक स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन अधिकारियों ने कहा है कि यह चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों से संबंधित है। राहुल गांधी बार-बार चुनाव आयोग पर मतदाता डेटा में हेरफेर करने का आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा में “वोट चोरी” हुई है।

आयोग ने कांग्रेस नेता से उन लोगों के नाम प्रस्तुत करने को कहा है जिनके बारे में उनका दावा है कि उन्हें मतदाता सूची में गलत तरीके से जोड़ा या हटाया गया है, साथ ही एक हस्ताक्षरित शपथपत्र भी जमा करने के लिए कहा है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने लोकसभा में विपक्ष के नेता से अपने आरोपों के समर्थन में हलफनामा देने में विफल रहने पर माफ़ी मांगने की भी मांग की है।

बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने के चुनाव आयोग के फैसले पर भी विपक्षी दल सवाल उठ रहे हैं। विपक्षी दलों का दावा है कि इस कदम से करोड़ों पात्र नागरिक कागजों के अभाव में मताधिकार से वंचित हो जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से बिहार में मतदाता सूची में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए मतदाता सूची से हटाए गए 65 लाख नामों का विवरण, उन्हें शामिल न करने के कारणों सहित प्रकाशित करने को भी कहा है।

बता दें कि इससे पहले सात अगस्त को राहुल गांधी ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर वोट चोरी के कथित आरोप लगाए थे। राहुल गांधी ने कर्नाटक सेंट्रल की एक विधानसभा सीट महादेव पुरा में एक लाख फर्जी वोटर होने का दावा किया था। उन्होंने मतदाता सूची में डुप्लीकेट वोटर, फर्जी पते, और एक ही पते पर सैकड़ों वोटरों के नाम होने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। राहुल ने यह भी कहा कि अगर यह धांधली न हुई होती, तो कांग्रेस कर्नाटक में 16 लोकसभा सीटें जीत सकती थी, लेकिन उसे केवल 9 सीटें मिलीं। जिसके बाद चुनाव आयोग ने राहुल गांधी से शपथपत्र के साथ शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा था।

Related Articles

Back to top button