2025 में शुभमन गिल समेत महज दो खिलाड़ी वनडे और टेस्ट, दोनों प्रारूपों में बने प्लेयर ऑफ द सीरीज

भारत और इंग्लैंड के बीच हालिया सीरीज में कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में दिखे। उन्होंने 10 पारियों में 75.40 की औसत से सबसे ज्यादा 754 रन बनाए। इनमें चार शतक शामिल हैं। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया। वह इस साल अब तक उन दो खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें इस साल टेस्ट और वनडे, दोनों प्रारूप में प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला है। उनके अलावा ऐसा करने वाले खिलाड़ी न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी हैं। इतना ही नहीं, गिल ने साल 2023 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन के मामले में भारत के दो दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया है।

गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीता था। फरवरी में खेली गई वनडे सीरीज में गिल ने तीन पारियों में 86.33 की औसत से 259 रन बनाए थे। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के मैट हेनरी को हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड दिया गया। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए दो मैचों में 16 विकेट झटके। इनमें दो फाइव विकेट हॉल शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने इस साल की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता था। उन्होंने तीन मैचों में नौ विकेट झटके थे। इनमें दो 4फर्स शामिल हैं।

वहीं, साल 2023 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यानी तीनों प्रारूपों को मिलाकर गिल ने रोहित और कोहली, दोनों से ज्यादा रन बनाए हैं। गिल ने साल 2023 से अब तक तीनों प्रारूपों को मिलाकर 85 मैचों की 105 पारियों में 48.17 की औसत से 4577 रन बनाए हैं। इनमें 16 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। वह इस अवधि में विश्व में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। गिल के बाद श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस का नंबर आता है। कामिंदु ने साल 2023 से अब तक 107 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 39.46 की औसत से 4341 रन बनाए हैं। इनमें सात शतक और 27 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, इंग्लैंड के जो रूट ने 53 मैचों की 77 पारियों में 54.75 की औसत से 3833 रन बनाए हैं। इनमें 13 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button