असम में NIA ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार, स्वतंत्रता दिवस पर IED ब्लास्ट की साजिश में थे शामिल

नई दिल्ली:  राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने असम के स्वतंत्रता दिवस (2023) पर कई जगहों पर धमाके की साजिश से जुड़े मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह साजिश प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन उल्फा (आई) की तरफ से रची गई थी। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी, भगर्ब गोगोई और सुमु गोगोई, असम के डिब्रूगढ़ जिले के रहने वाले हैं। एनआईए अधिकारियों के मुताबिक, ये दोनों स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गुवाहाटी में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईई़डी) लगाने की साजिश में सीधे तौर पर शामिल थे।

एनआईए ने इन्हें 15 जुलाई को डिब्रूगढ़ से गिरफ्तार किया। इनके साथ अब तक इस मामले में कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एनआईए ने बताया कि ये साजिश देश की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता को नुकसान पहुंचाने और जनता में डर फैलाने के इरादे से रची गई थी।

इस मामले की शुरुआती जांच दिसपुर पुलिस कर रही थी, लेकिन सितंबर 2023 में यह केस एनआईए को सौंपा गया था। पिछले महीने एजेंसी ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। एनआईए जांच कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था।

Related Articles

Back to top button